जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड क्रांति दल (यूकेडी) की जिला इकाई ने 9 अगस्त को खादी परिसर, जेती (लमगड़ा) में आयोजित होने वाले ‘अगस्त क्रांति जनशक्ति महासम्मेलन’ की तैयारियों को लेकर जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा महासम्मेलन का आधिकारिक पोस्टर भी जारी किया गया।
बैठक में जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने कहा कि महासम्मेलन को भव्य, अनुशासित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के साथ प्रदेशभर से पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। इस दौरान करीब चार हजार लोगों की जनरैली निकाले जाने की भी योजना है।
बैठक में मंच, स्वागत, आवास, भोजन, यातायात, प्रचार-प्रसार, मीडिया समन्वय, सुरक्षा, पार्किंग और जनसंपर्क सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया, ताकि कार्यक्रम का संचालन सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके।
बैठक के बाद सैनिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष चंदन सिंह के नेतृत्व में प्रकोष्ठ का दल गैरसैंण में आयोजित सैनिक प्रकोष्ठ की रैली में भाग लेने के लिए रवाना हुआ। जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने पार्टी का ध्वज दिखाकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष गणेश, जिला महामंत्री एडवोकेट देवेश जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने दल को शुभकामनाएं दीं।
यूकेडी ने प्रदेशवासियों, राज्य आंदोलनकारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और बुद्धिजीवियों से 9 अगस्त को प्रातः 11 बजे जेती (लमगड़ा) स्थित खादी परिसर में आयोजित महासम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
