जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने गत दिवस तहसील स्याल्दे का औचक निरीक्षण कर कार्यालयीय व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और रिकॉर्ड रूम का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय के अभिलेखों, रिकॉर्ड कक्ष तथा विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने मुख्य नाजिर रजिस्टर संख्या-4 एवं 7 का रखरखाव नियमानुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से संबंधित चेकों के अभिलेखों में संबंधित पटवारी को चेक प्राप्त होने तथा वापस प्रेषित किए जाने की तिथि अनिवार्य रूप से दर्ज करने को कहा।
युक्ता मिश्र ने आधुनिकीकृत रिकॉर्ड रूम में कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश देते हुए रिकॉर्ड रूम में जमा खतौनियों का वर्षवार विवरण व्यवस्थित ढंग से अंकित करने पर जोर दिया। उन्होंने निर्धारित अवधि पूर्ण होने के बाद खसरों को भी नियमानुसार रिकॉर्ड रूम में जमा कराने के निर्देश दिए, ताकि राजस्व अभिलेखों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार भी उपस्थित रहे।