जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 5 अगस्त सोबन सिंह जीना (SSJ) विश्वविद्यालय के एलएलबी पाठ्यक्रम की बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) से मान्यता को लेकर उठे सवालों पर युवा कांग्रेस ने विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा कांग्रेस नेता गोपाल भट्ट ने बुधवार को जारी बयान में विश्वविद्यालय प्रशासन पर विधि छात्रों के भविष्य के साथ गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए 24 घंटे के भीतर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।
गोपाल भट्ट ने कहा कि BCI की आधिकारिक Approved List of Centres of Legal Education में विश्वविद्यालय के एलएलबी पाठ्यक्रम का नाम दिखाई नहीं देने से हजारों छात्रों और उनके अभिभावकों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने संबद्धता विस्तार के लिए संस्थानों को चार अवसर दिए थे और आवेदन की अंतिम तिथि भी 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद यदि विश्वविद्यालय का नाम स्वीकृत सूची में नहीं है तो यह गंभीर प्रशासनिक विफलता का मामला है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि विश्वविद्यालय ने समय पर आवेदन किया था तो उसका नाम स्वीकृत सूची में क्यों नहीं है, और यदि आवेदन नहीं किया गया तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जवाबदेही तय करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
युवा कांग्रेस ने कुलपति से मांग की है कि वे 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए BCI स्वीकृति की वास्तविक स्थिति क्या है, आवेदन कब किया गया, वर्तमान प्रक्रिया किस चरण में है तथा छात्रों के हितों की सुरक्षा के लिए विश्वविद्यालय ने क्या कदम उठाए हैं।
गोपाल भट्ट ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन संतोषजनक जवाब देने में विफल रहता है तो युवा कांग्रेस इसे छात्रों के भविष्य के साथ विश्वासघात मानते हुए कुलपति के इस्तीफे की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
हालांकि, इस संबंध में समाचार लिखे जाने तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
