जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा भारतीय युवा कांग्रेस ने भर्ती घोटालों, पेपर लीक, बढ़ती बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। संगठन ने आरोप लगाया कि अपनी जायज़ मांगों को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने वाले छात्रों के साथ संवेदनशीलता दिखाने के बजाय सरकार दमनकारी रवैया अपना रही है।
पूर्व प्रदेश महासचिव युवा कांग्रेस गोपाल भट्ट ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों पर जवाब देने के बजाय सरकार उनकी आवाज़ दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर बल प्रयोग, लाठीचार्ज और कठोर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। लोकतंत्र में प्रत्येक छात्र और युवा को अपनी बात रखने का अधिकार है और सरकार का दायित्व उनकी समस्याओं का समाधान करना है।
युवा कांग्रेस ने मांग की कि सभी भर्ती परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, पेपर लीक और भर्ती घोटालों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही युवाओं को समयबद्ध रोजगार उपलब्ध कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
गोपाल भट्ट ने कहा कि युवा कांग्रेस वर्ष 2027 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनाने के संकल्प के साथ प्रदेश के युवाओं और छात्रों से संगठन से जुड़ने की अपील कर रही है। उन्होंने कहा कि संगठन बूथ स्तर तक युवाओं को जोड़ने, उनके अधिकारों की रक्षा करने और उनकी आवाज़ को मजबूती देने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।
उन्होंने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस देश के प्रत्येक छात्र और युवा के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और छात्र एवं युवा विरोधी नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड सह प्रभारी अविनाश महाला, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, जिला प्रभारी अब्दुल रहमान, जिला कॉर्डिनेटर नरेंद्र यादव, प्रदेश महासचिव किरण आर्या, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, विधानसभा अध्यक्ष जागेश्वर वीरेंद्र सिंह मलाड़ा, ब्लॉक अध्यक्ष राजकमल, अमन लटवाल, जिला महासचिव दीक्षा सुयाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
