Wed. Aug 5th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखण्ड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के शिष्टमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर आर. घोड़के से शिष्टाचार भेंट कर पत्रकारों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान यूनियन की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का परिचय भी कराया गया।
बैठक में शिष्टमंडल ने नगर क्षेत्र में विकसित नई पार्किंग स्थलों पर सीमित समय के लिए दोपहिया वाहनों की पार्किंग निःशुल्क किए जाने की मांग रखी। उनका कहना था कि आम नागरिक छोटी-छोटी खरीदारी के लिए बाजार आते हैं, लेकिन उन्हें भी पार्किंग शुल्क देना पड़ता है, जिससे अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है।
इसके अलावा नगर की सड़कों पर घूम रहे निराश्रित गौवंश, आवारा एवं कटखने बंदरों और आवारा गायों की बढ़ती समस्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। यूनियन ने इन पर प्रभावी नियंत्रण एवं निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
शिष्टमंडल ने जिले में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध एवं चिन्हित नशा तस्करों को समय-समय पर थानों में बुलाकर उनकी नियमित निगरानी किए जाने का सुझाव भी दिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शिष्टमंडल द्वारा उठाए गए सभी सुझावों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर यूनियन के संयोजक एवं प्रदेश प्रतिनिधि दयाकृष्ण काण्डपाल, जिलाध्यक्ष जगजीवन बिष्ट, उपाध्यक्ष गोपेश उप्रेती, महासचिव दयानन्द कठैत, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट तथा विधिक सलाहकार संजय अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।