Sat. Aug 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर के वार्ड झिझाड़ स्थित खम्पा मार्केट क्षेत्र में एक युवक के साथ कथित रूप से मारपीट कर नकदी छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर स्थानीय पार्षद अमित साह ‘मोनू’ भी पीड़ित के साथ कोतवाली पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की।


पीड़ित केवलानंद जोशी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 6 अगस्त की रात करीब 9:40 बजे अपनी दुकान का काम समाप्त कर कर्नाटक खोला स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान झिझाड़-बक्शीखोला के बीच रास्ते में तीन युवकों ने उन्हें कथित तौर पर रोक लिया। शिकायत के अनुसार, तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उनकी जेब में रखे करीब ₹2 हजार नकद भी छीन लिए गए।

घटना के बाद शुक्रवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर सौंपकर मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस से घटना की जांच कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की मांग की गई है।

पार्षद अमित साह ‘मोनू’ ने कहा कि अल्मोड़ा जैसे शांत शहर के बीच इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने के लिए पुलिस को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने खम्पा मार्केट, झिझाड़, कर्नाटक खोला और आसपास के क्षेत्रों में रात्रिकालीन पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की। उनका कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ने से असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सकता है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सकती है।

नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी ने कहा कि अल्मोड़ा जैसे शांत शहर में इस प्रकार की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस प्रशासन को मामले में त्वरित एवं कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का भय बना रहे। उन्होंने नगर के संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर नामित पार्षद कैलाश गुरुरानी, नामित पार्षद कृष्ण बहादुर सिंह, देवभूमि व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मनोज सिंह पवार, रेडक्रॉस यूथ चेयरमैन एवं पार्षद अमित साह ‘मोनू’, पार्षद अभिषेक जोशी, वैभव तिवारी, केवलानंद जोशी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

You missed