Fri. Sep 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर 2026 को अल्मोड़ा जनपद में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन से विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
प्रशासन के अनुसार भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, सड़क अवरुद्ध होने, नदियों एवं गधेरों के जलस्तर में वृद्धि तथा आकाशीय बिजली जैसी घटनाएं हो सकती हैं। लोगों से कहा गया है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और यात्रा से पहले मौसम तथा मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
प्रशासन ने नदी, नालों, गधेरों और जलभराव वाले स्थानों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा और रात्रि में आवागमन से बचने के साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों तथा कमजोर ढलानों के पास वाहन नहीं रोकने की सलाह दी गई है।
आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और विद्युत पोल के नीचे खड़े न होने तथा सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लेने को कहा गया है। वाहन चालकों से भी विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। सड़क पर मलबा या पानी आने की स्थिति में आगे बढ़ने का प्रयास न करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग एवं प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं और चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में जनपद आपदा नियंत्रण कक्ष, अल्मोड़ा के दूरभाष नंबर 05962-237874, 05962-237875, टोल फ्री नंबर 1077 अथवा मोबाइल नंबर 7900433294 पर तत्काल सूचना देने को कहा गया है।