जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा में करीब ढाई माह से रिक्त चल रहे फिजिशियन के पद पर आखिरकार चिकित्सक की तैनाती कर दी गई है। विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती से लंबे समय से इलाज के लिए परेशान मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर कांग्रेस महामंत्री वैभव पांडे ने फिजिशियन की तैनाती का स्वागत करते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में लंबे समय से फिजिशियन का पद रिक्त होने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कांग्रेस लगातार इस मुद्दे को सरकार और स्वास्थ्य विभाग के समक्ष उठाते हुए तत्काल चिकित्सक की तैनाती की मांग कर रही थी।
वैभव पांडे ने कहा कि कांग्रेस ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि निर्धारित समय में फिजिशियन की नियुक्ति नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि मरीजों के हित से जुड़े इस गंभीर विषय पर कांग्रेस किसी भी प्रकार की लापरवाही को लेकर चुप नहीं बैठती।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के लगातार दबाव और आंदोलन की चेतावनी के बाद सरकार ने जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की तैनाती की है। उन्होंने कहा कि यह मरीजों के हित में महत्वपूर्ण कदम है और इससे विशेषज्ञ चिकित्सक की कमी से जूझ रहे मरीजों को राहत मिलेगी।
वैभव पांडे ने कहा कि फिजिशियन की कमी का सीधा असर आम मरीजों पर पड़ रहा था। गंभीर और सामान्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था तथा कई मरीजों को बेहतर उपचार के लिए जिला मुख्यालय से बाहर जाना पड़ रहा था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई किसी राजनीतिक श्रेय के लिए नहीं, बल्कि अल्मोड़ा की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए है। उन्होंने सरकार से जिला चिकित्सालय में रिक्त चल रहे अन्य विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भी तत्काल भरने की मांग की।
वैभव पांडे ने चेतावनी दी कि यदि अन्य रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्तियां नहीं की गईं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि पहाड़ के मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रेफर होने से बचाने के लिए जिला स्तर पर पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।