Fri. Sep 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

नैनीताल छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दृष्टिगत नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। नामांकन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही भीड़ नियंत्रण, प्रवेश-निकास व्यवस्था और यातायात संचालन पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर नामांकन प्रक्रिया के दौरान की गई सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए।
नैनीताल पुलिस द्वारा छात्रसंघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।