Sat. Aug 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के परिसर अल्मोड़ा स्थित कंप्यूटर विज्ञान विभाग में शुक्रवार को बीसीए प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारम्भ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, अनुशासन, विभागीय गतिविधियों तथा उनके समग्र सामाजिक, सांस्कृतिक एवं मानसिक विकास से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष एवं प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, अनुशासन, तकनीकी कौशल, नवाचार और शोध के प्रति प्रेरित किया। विद्यार्थियों को विभाग में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली तथा विभिन्न सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना प्रौद्योगिकी और कंप्यूटर विज्ञान के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यदि विद्यार्थी समर्पण और मेहनत के साथ अध्ययन करें तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट अवसर प्राप्त कर सकते हैं। साथ ही उन्हें नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षकगण एवं नवप्रवेशित बीसीए छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने विभागीय शिक्षकों से संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।


You missed