जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
“हमारा अल्मोड़ा, हमारी जिम्मेदारी” के संदेश के साथ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण मित्रों ने संभाली सफाई की कमान

अल्मोड़ा, 14 अगस्त 2026 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अल्मोड़ा नगर के सभी 40 वार्डों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर आयोजित अभियान में जिला स्तरीय अधिकारियों, नगर निगम पार्षदों, जनप्रतिनिधियों और पर्यावरण मित्रों की संयुक्त टीमों ने विभिन्न वार्डों में विशेष साफ-सफाई की।
अभियान के दौरान सड़कों, गलियों, नालियों, बाजारों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों की सफाई की गई। साथ ही नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग रखने, कूड़े का उचित निस्तारण करने तथा प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मेयर अजय वर्मा और विधायक मनोज तिवारी ने हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम परिसर में स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें तो अल्मोड़ा को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाया जा सकता है।
अभियान के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने लोगों से सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करने, कूड़े का उचित निस्तारण करने और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी महेशी आर्या, रवि रौतेला, विनीत बिष्ट, हरीश कनवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।