Thu. Aug 20th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, प्रदेश की कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्या ने बुधवार को सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के स्याहीदेवी मंडल के नौला, सल्ला रौतेला और बड़गल भट्ट गांवों में आयोजित जन मिलन कार्यक्रमों में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, शिक्षा सहित विभिन्न विकास कार्यों से जुड़ी मांगें मंत्री के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों की मांग पर कैबिनेट मंत्री ने विधायक निधि से प्राथमिक विद्यालय में रेलिंग निर्माण, पेयजल लाइन बिछाने, सार्वजनिक स्थलों पर टीन शेड, भंडार कक्ष और पेयजल टैंक निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है।
रेखा आर्या ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान और विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर जनहित से जुड़े मामलों के समाधान का आश्वासन दिया।
जन मिलन कार्यक्रमों के बाद कैबिनेट मंत्री ने नैड़ी स्थित पिप्लेश्वर महादेव शिव मंदिर में आयोजित श्री राम कथा ज्ञान यज्ञ में प्रतिभाग किया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की और कथा व्यास आचार्य मोहन राम द्वारा प्रस्तुत संगीतमय श्री राम कथा का श्रवण किया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित आयुष भंडारे में श्रद्धालुओं के साथ महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।