Thu. Aug 20th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

लालकुआं नैनीताल पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिंदुखत्ता क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्कूटी से शराब बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की स्कूटी और घर के स्टोर रूम से कुल 65 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने 19 अगस्त को संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
सूचना मिली थी कि कमल गढ़िया अपने होटल फैमिली रेस्टोरेंट के सामने स्कूटी संख्या UK06M-3175 में अवैध शराब रखकर बेच रहा है। पुलिस के मौके पर पहुंचते ही आरोपी स्कूटी लेकर फरार हो गया। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता स्थित उसके घर पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से 17 क्वार्टर तथा आरोपी की निशानदेही पर घर के स्टोर रूम से 48 क्वार्टर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कुल 65 क्वार्टर रॉयल स्टैग एवं प्रेस्टीज मार्का अंग्रेजी शराब और स्कूटी बरामद करते हुए आरोपी कमल गढ़िया पुत्र शेर सिंह, निवासी राजीव नगर प्रथम, बिंदुखत्ता को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में FIR संख्या 127/2026, धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव जोशी, चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल वीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल दयाल नाथ शामिल रहे।