जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
रुद्रपुर पुलिस लाइन रुद्रपुर में 17 से 19 अगस्त 2026 तक आयोजित 24वीं उत्तराखण्ड प्रादेशिक अन्तर्जनपदीय/वाहिनी पुलिस बॉक्सिंग, कुश्ती, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म कुश्ती प्रतियोगिता-2026 में नैनीताल पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों, पीएसी, आईआरबी, एसडीआरएफ एवं जीआरपी की कुल 15 टीमों के 161 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में आईजी कुमायूँ रेंज नैनीताल श्रीमती निवेदिता कुकरेती एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर तथा आयोजन सचिव श्री अजय गणपति ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
नैनीताल पुलिस के खिलाड़ियों ने आर्म कुश्ती, कुश्ती, बॉक्सिंग एवं बॉडी बिल्डिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। आर्म कुश्ती के 70 किग्रा भार वर्ग में संजय सिंह ने प्रथम, 90 किग्रा भार वर्ग में त्रिलोक सिंह ने द्वितीय तथा महिला 50 किग्रा वर्ग में भारती ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
कुश्ती में रवि राणा ने 55 किग्रा, कृष्णा कुमार ने 75 किग्रा तथा महिला कांस्टेबल आरती ने 50 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बॉक्सिंग के 45 किग्रा भार वर्ग में दिव्या डांगी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। महिला बॉक्सिंग टीम ने सामूहिक प्रदर्शन के आधार पर तृतीय स्थान हासिल कर ट्रॉफी भी अपने नाम की।
बॉडी बिल्डिंग में रवि राणा ने 55 किग्रा भार वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर नैनीताल पुलिस का गौरव बढ़ाया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी विजेता खिलाड़ियों एवं पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।