जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुखानी पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 121.95 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा मुखानी प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने मुखानी क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
20 अगस्त 2026 को संयुक्त टीम ने चंबल पुल के पास अटल पार्क के गेट के सामने चेकिंग के दौरान एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 121.95 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त हीरो डेस्टिनी स्कूटी संख्या UK 04AG 9041 भी बरामद कर सीज कर दी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमित आर्य (24 वर्ष) पुत्र राजेंद्र कुमार, निवासी बागजाला गोलापार, थाना काठगोदाम, जिला नैनीताल के रूप में हुई है। मामले में कोतवाली मुखानी में एफआईआर संख्या 134/26, धारा 8/21/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक वीरेंद्र चंद, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल रोहित कुमार, कांस्टेबल भानु प्रताप (SOG) और कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा (SOG) शामिल रहे।