जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न एवं आधुनिक भारत के शिल्पकार स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को अल्मोड़ा स्थित कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी ने देश को 21वीं सदी की सोच से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने सूचना एवं संचार क्रांति की मजबूत नींव रखी तथा कंप्यूटर और दूरसंचार के क्षेत्र में नई शुरुआत कर देश को आधुनिक तकनीक की दिशा में आगे बढ़ाया। युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ ही पंचायती राज संस्थाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की।
वक्ताओं ने कहा कि राजीव गांधी का सपना आधुनिक, लोकतांत्रिक और वैज्ञानिक सोच वाला भारत बनाना था। वे शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और नवाचार को देश की प्रगति का आधार मानते थे। उनकी दूरदर्शी सोच और विकास की अवधारणा आज भी प्रासंगिक है।
कांग्रेसजनों ने कहा कि राजीव गांधी के विचारों से प्रेरणा लेकर पार्टी जनहित, लोकतंत्र की रक्षा, सामाजिक समरसता और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के आदर्शों एवं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, प्रकाश जोशी, नगर महामंत्री वैभव पांडे, गोविंद सिंह मेहरा, हरीश आर्य, फेमिना खान, पार्षद विकास कुमार, भैरव गोस्वामी, जिला उपाध्यक्ष एन.डी. पांडे, हरिराम आर्य, विकास कुमार, सुशील साह, किरण आर्य, डॉ. मनोज जोशी, पंकज, पूरन सिंह रौतेला, पार्षद दीपक कुमार, अम्बिराम आर्या एवं कृष्ण चंद्र जोशी सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।