Mon. Aug 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में कक्षा छह में अध्ययनरत एक छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आने के बाद युवा कांग्रेस ने इसे गंभीर और चिंताजनक बताते हुए शिक्षा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट ने जारी बयान में कहा कि छात्रा प्रतिदिन करीब दो घंटे पैदल चलकर विद्यालय पहुंचती है। ऐसे में उसके साथ कथित मारपीट का आरोप बेहद संवेदनशील मामला है। उन्होंने कहा कि यदि छात्रा के साथ मारपीट के आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
गोपाल भट्ट ने कहा कि अनुशासन के नाम पर किसी भी बच्चे के साथ हिंसा स्वीकार नहीं की जा सकती। बच्चों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण में शिक्षा मिलना उनका अधिकार है। जिस उम्र में बच्चों के हाथों में किताबें और आंखों में भविष्य के सपने होने चाहिए, उस उम्र में यदि उन्हें डर और हिंसा का सामना करना पड़े तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने जिला शिक्षा विभाग से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले शिक्षक के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की है।
गोपाल भट्ट ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो युवा कांग्रेस जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी शिक्षा विभाग की होगी।