Mon. Aug 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा राजकीय इंटर कॉलेज पुभाऊं में छात्रा से मारपीट के मामले में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। प्रकरण की जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अतिथि शिक्षिका का अनुबंध तत्काल प्रभाव से समाप्त कर उन्हें सेवा से हटा दिया गया है।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यालय पहुंचकर बीते शनिवार हुई घटना और इससे संबंधित वायरल वीडियो के मामले में जानकारी ली। उन्होंने प्रधानाचार्य से पूरे घटनाक्रम की जानकारी लेने के साथ छात्रा के माता-पिता से मुलाकात कर उनका पक्ष जाना। जिलाधिकारी ने विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राओं से भी बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
प्रकरण की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी लमगड़ा और उप खंड शिक्षा अधिकारी धौलादेवी की समिति गठित की गई थी। समिति ने अपनी जांच रिपोर्ट में संबंधित अतिथि शिक्षिका की सेवा समाप्त करने की संस्तुति की। रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका का अनुबंध समाप्त कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि अनुशासन के नाम पर छात्र-छात्राओं के साथ मारपीट या किसी भी प्रकार की दंडात्मक कार्रवाई स्वीकार्य नहीं है। बच्चों में अनुशासन बनाए रखने के लिए काउंसलिंग, संवाद और सकारात्मक तरीकों को अपनाया जाए। जरूरत पड़ने पर अभिभावकों से बातचीत कर समस्या का समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिक्षकों से मुलाकात कर बच्चों की पढ़ाई, अनुशासन, शिक्षकों की उपलब्धता और विद्यालय में संचालित व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने छात्र-छात्राओं से भी संवाद किया और खेल सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बच्चों द्वारा फुटबॉल खेलने की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग पर जिलाधिकारी ने खेल सुविधाओं के विकास तथा मैदान में फुटबॉल खेलने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
विद्यालय की मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने शौचालयों को दुरुस्त करने, परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और सड़क से विद्यालय तक पहुंच मार्ग की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, पानी के समुचित भंडारण के लिए टैंक लगाने तथा पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक कार्य प्राथमिकता से कराने को कहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सौम्या गर्ब्याल, प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी रवि मेहता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।