जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अन्तर्गत आवास योजना सर्वे 2.0 में पात्र पाए गए लाभार्थियों की पात्रता को लेकर प्राप्त आपत्तियों के निस्तारण के लिए जिला स्तरीय एपलिएट कमेटी की बैठक आयोजित की गई। विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने की।
परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के.एन. तिवारी ने बताया कि जनपद में आवास योजना सर्वे 2.0 के तहत कुल 11,309 लाभार्थी पात्र पाए गए हैं। ग्राम सभा की बैठकों में इन लाभार्थियों की पात्रता को लेकर कुल 208 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं।
बैठक में परियोजना निदेशक ने जिला स्तरीय एपलिएट कमेटी के समक्ष प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सर्वे 2.0 की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही सर्वे के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और पात्रता निर्धारण से संबंधित जानकारी भी दी गई।
मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला स्तरीय एपलिएट कमेटी के अध्यक्ष ने प्राप्त सभी 208 आपत्तियों की आपत्तिवार गहन समीक्षा की। विकासखंड स्तर से उपलब्ध कराए गए संबंधित लाभार्थियों की पात्रता अथवा अपात्रता से जुड़े साक्ष्यों और अभिलेखों का भी परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद सभी 208 आपत्तियों का निस्तारण किया गया।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी राजेन्द्र सिंह गुन्जियाल, कमेटी सदस्य मनोज ऐरी, वी.पी. मौर्या सहित सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी एवं सहायक खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।