जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, धौलछीना से शेराघाट तक स्टेट हाईवे की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने रविवार को अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता विनय किरौला की अगुवाई में क्षेत्र के ग्रामीणों ने सड़क पर बने कई फीट गहरे गड्ढों में पौधरोपण कर विभागीय लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई।

ग्रामीणों का कहना है कि धौलछीना से शेराघाट तक सड़क की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही राहगीरों को भी आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क पर बने गड्ढे दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं।
विनय किरौला के अनुसार, इस संबंध में क्षेत्र के जूनियर इंजीनियर से मोबाइल पर वार्ता की गई। जेई ने बताया कि बरसात से पूर्व लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क के गड्ढों को भरने के लिए पैचवर्क कराया गया था। उन्होंने यह भी बताया कि पैचवर्क सामान्यतः एक सीजन तक चलने की उम्मीद होती है, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार महज एक माह में ही सड़क पर दोबारा कई फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं।
यूकेडी नेता विनय किरौला ने लोक निर्माण विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर धौलछीना से शेराघाट तक सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य शुरू नहीं किया गया तो अधिशासी अभियंता का घेराव किया जाएगा और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीण लंबे समय से परेशान हैं और विभाग को इस समस्या का तत्काल संज्ञान लेकर स्थायी समाधान की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए।
पौधरोपण कार्यक्रम में यूकेडी नेता विनय किरौला, पूर्व प्रधान लिंगुड़ता वीरेंद्र सिंह, उपप्रधान संजय सिंह चम्याल, प्रधान लिंगुड़ता पंकज पांडे, केसर सिंह मेहता, आशुतोष भट्ट, कमल नेगी, विजय सिंह, पंकज भट्ट, गोपाल नेगी, संजय भट्ट, दयाल भट्ट, इन्द्र सिंह नेगी, संजय पूना, राजेंद्र प्रसाद, मन सिंह चम्याल पूर्व प्रधान डुगरलेख, हरपाल नेगी, दीपक भट्ट, केशव चंद्र भट्ट, हीरा बल्लभ भट्ट, नारायण सिंह चम्याल, केसर नेगी, हरीश राम सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।