Mon. Aug 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

रामनगर आगामी बारावफात (ईदुल-मिलादनवी) एवं रक्षा बंधन पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर रामनगर कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ रामनगर अमित कुमार सैनी ने की।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर आयोजित बैठक में धार्मिक आयोजनों के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने सभी से अपील की कि धार्मिक आयोजनों के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखें। बारावफात का जुलूस निर्धारित रूट एवं स्थानों से ही निकाला जाएगा। धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए।
रामनगर शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी यातायात प्लान लागू करने पर भी जोर दिया गया। बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और पिकेट व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश प्रभारी निरीक्षक को दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी धर्म या धार्मिक भावना का जानबूझकर अपमान करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। भ्रामक या आपत्तिजनक सूचनाओं को प्रसारित करने वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की चेतावनी दी गई।
बैठक में संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को धार्मिक आयोजनों के दौरान पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी रामनगर गोपाल सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक रामनगर सुशील कुमार, नगर निगम के अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, धार्मिक अनुयायी, अभिसूचना इकाई एवं थाना पुलिस बल मौजूद रहा।