जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा/देहरादून, अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने की चर्चाओं के बीच भाजपा के पूर्व विधायक एवं पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा ने मंगलवार को देहरादून में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर जनभावनाओं से अवगत कराया। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र सौंपकर जिला चिकित्सालय को वर्तमान स्थान से अन्यत्र स्थानांतरित न किए जाने की मांग रखी।
कैलाश शर्मा ने कहा कि अल्मोड़ा की विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और नगर की बसावट को देखते हुए जिला चिकित्सालय का वर्तमान स्थान आम जनता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अस्पताल को अन्यत्र स्थानांतरित किए जाने से नगर सहित आसपास के क्षेत्रों की जनता को स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल शिफ्ट करने के किसी भी प्रस्ताव पर पुनर्विचार का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कैलाश शर्मा को आश्वासन दिया कि अल्मोड़ा की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय आवश्यकताओं और जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट नहीं कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए अल्मोड़ा की स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अल्मोड़ा की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य पर्वतीय क्षेत्रों से अलग हैं। इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े किसी भी निर्णय में आम जनता की सुविधा और स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
मुलाकात के बाद पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार उत्तराखंड की जनता को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अल्मोड़ा की जनता की भावनाओं का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है और ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा, जो जनभावनाओं के विपरीत हो।
स्वास्थ्य मंत्री के स्पष्ट आश्वासन के बाद जिला चिकित्सालय को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सरकार की स्थिति स्पष्ट हो गई है। कैलाश शर्मा ने मंत्री के सकारात्मक आश्वासन का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अल्मोड़ा की स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत किया जाएगा।