जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा गांधी जयंती के अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की ओर से 2 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने अल्मोड़ा के गांधी पार्क पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद यूकेडी जिला कार्यालय में 2 अक्टूबर 1994 के रामपुर तिराहा कांड में शहीद हुए उत्तराखंड आंदोलनकारियों की स्मृति में दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए उनके सपनों के उत्तराखंड के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इसी क्रम में महानगर अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ वंश कनवाल के नेतृत्व में युवा महानगर की टीम ने बेस चिकित्सालय, मेडिकल कॉलेज अल्मोड़ा में रक्तदान किया। इस दौरान वंश कनवाल ने कहा कि अलग उत्तराखंड राज्य की मांग के लिए आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उन्हीं शहीद आंदोलनकारियों की स्मृति में युवा प्रकोष्ठ ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की सेवा करने का संकल्प लिया है।
कार्यक्रम में यूकेडी जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी, महानगर अध्यक्ष युवा प्रकोष्ठ वंश कनवाल, भूपेंद्र सिंह, प्रितेश कनवाल, महानगर उपाध्यक्ष त्रिभुवन बिष्ट, महानगर महामंत्री अमित भट्ट, महानगर महामंत्री वैभव सहित गोकुल, भास्कर आर्य, मानस बिष्ट एवं अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।