Tue. Oct 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा हेमवती नंदन बहुगुणा स्टेडियम में मंगलवार को उत्तराखंड विद्यालयी प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने किया। 15 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के लगभग आठ जनपदों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 बालक और बालिका वर्गों में मुकाबले खेले जा रहे हैं।
खेलों से होता है सर्वांगीण विकास: अजय टम्टा
प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने तथा निरंतर अभ्यास और मेहनत के माध्यम से प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
पहले दिन पौड़ी और देहरादून की टीमों ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न वर्गों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। अंडर-19 बालक वर्ग में पौड़ी की टीम ने बागेश्वर को 12-2 से पराजित किया। इसी वर्ग के दूसरे मुकाबले में देहरादून ने टिहरी को 27-8 से हराकर जीत दर्ज की।
वहीं, अंडर-14 बालिका वर्ग में पौड़ी ने बागेश्वर को 30-4 से शिकस्त दी, जबकि देहरादून की टीम ने मेजबान अल्मोड़ा को 18-2 से पराजित किया। प्रतियोगिता के मुकाबलों के सफल संचालन में निर्णायकों एवं खेल शिक्षकों ने सहयोग प्रदान किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद के उपाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल, उत्तराखंड युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन सिंह लटवाल, नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट तथा जिला खेल समन्वयक नवीन लाल वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।