Thu. Oct 15th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एवं उत्तराखंड के गौरव अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को चौघानपाटा में प्रदर्शन कर राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के बयान की कड़ी निंदा करते हुए इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रहित से जुड़े संवेदनशील विषयों पर गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी करार दिया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक एवं रणनीतिक दायित्व से जुड़े व्यक्ति के प्रति सार्वजनिक टिप्पणी करते समय राजनीतिक दलों को भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने देश की सुरक्षा और राष्ट्रहित में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी निंदनीय है। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करते समय जिम्मेदारी और मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि अजीत डोभाल का जीवन राष्ट्रसेवा, समर्पण और साहस का प्रतीक है। देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले व्यक्ति के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े विषयों पर सभी राजनीतिक दलों को गंभीरता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों के प्रति सम्मानजनक भाषा का प्रयोग किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल, महिला मोर्चा की किरन पंत, जिला महामंत्री दर्शन रावत, प्रकाश भट्ट, धर्मेंद्र बिष्ट, राजीव गुरुरानी, कैलाश गुरुरानी, मनीष जोशी, पार्षद अमित साह, नरेंद्र बिष्ट, त्रिलोक राम, डोगरा, नमन गुरुरानी, जगत तिवारी, जगत भट्ट, कमल बिष्ट, मनोज तिवारी, आनंद कनवाल, पारस कांडपाल, महेश भट्ट, महेंद्र मेहरा, माधो सिंह, सुधीर कुमार, रोहित भोज, गौरव भंडारी समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।