जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड भिकियासैंण के राजकीय इंटर कॉलेज जीनापानी में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। रानीखेत विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल की उपस्थिति में आयोजित इस शिविर में कुल 734 लोगों ने प्रतिभाग किया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा कि बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय सेवाओं को आमजन तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही, लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के माध्यम से 454 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अलावा, विभिन्न विभागों से संबंधित 143 प्रमाण-पत्रों एवं विभागीय सेवाओं के लिए आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर में प्राप्त 20 आवेदनों एवं जनसमस्याओं का मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया।
परियोजना निदेशक केएन तिवारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी जनसमस्याओं एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरतने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
