Fri. Nov 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्डअल्मोड़ा, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अल्मोड़ा जिले में संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के प्रथम अल्मोड़ा आगमन पर बुधवार को पातालदेवी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में अल्मोड़ा एवं सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में अल्मोड़ा और सोमेश्वर दोनों सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया।बैठक का शुभारंभ भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। इस दौरान प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा का जिला पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत और अभिनंदन किया। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने की। उन्होंने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि संगठन महामंत्री के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। उन्होंने प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने के संकल्प को भी दोहराया।बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं, बल्कि एक परिवार का हिस्सा है। संगठन की वास्तविक ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और संगठन सदैव व्यक्ति से ऊपर होता है। अल्मोड़ा की अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक एवं राजनीतिक पहचान है, जिसे संगठनात्मक एकजुटता और प्रभावी जनसंपर्क के माध्यम से और मजबूत करना होगा।उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में हुई गलतियों को दोहराने से बचना होगा। आगामी विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बनाकर अभी से सुनियोजित तैयारी शुरू करनी होगी। इसके लिए ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ और ‘बूथ जीता, चुनाव जीता’ के मंत्र को धरातल पर उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीन बार जनता का आशीर्वाद मिलना संगठन और कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रमाण है। इसी विश्वास को कायम रखते हुए इस बार अल्मोड़ा और सोमेश्वर दोनों विधानसभा क्षेत्रों में जीत हासिल करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभानी होगी।शर्मा ने मंडल अध्यक्षों को शक्ति केंद्र अध्यक्षों के साथ निरंतर संपर्क एवं संवाद बनाए रखने तथा शक्ति केंद्र अध्यक्षों को बूथ अध्यक्षों के साथ नियमित बैठकें करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक बैठकें करने से संगठन मजबूत नहीं होता, बल्कि कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर संवाद करने, उनकी समस्याओं को सुनने और नए नेतृत्व को तैयार करने से संगठन की जड़ें मजबूत होती हैं।उन्होंने पुराने एवं वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित करने, उनके घर जाकर सम्मान करने और नए कार्यकर्ताओं का आत्मीयता के साथ स्वागत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी की जिम्मेदारी है कि वह कार्यकर्ताओं के साथ पारिवारिक संबंध बनाए रखे। इसके साथ ही सामाजिक संगठनों और समाज के प्रमुख व्यक्तियों से निरंतर संपर्क एवं संवाद बनाए रखना भी जरूरी है। समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने से ही संगठन का व्यापक विस्तार संभव है।अपने संबोधन में उन्होंने विकसित भारत के निर्माण के लिए आत्मनिर्भरता को आवश्यक बताते हुए ‘लोकल फॉर वोकल’ को प्रोत्साहित करने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पांच प्रमुख सामाजिक एवं वैचारिक परिवर्तनों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने की बात कही। इनमें स्व का बोध एवं स्वदेशी, अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति गौरव, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता तथा नागरिक कर्तव्य शामिल हैं।उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर ही विकसित भारत का संकल्प साकार किया जा सकता है। कार्यकर्ताओं की सोच, संकल्प और सकारात्मक दृष्टिकोण ही संगठन की दिशा तय करते हैं। आगामी विधानसभा चुनाव में विजय केवल राजनीतिक लक्ष्य नहीं, बल्कि संगठन की सामूहिक मेहनत, अनुशासन, समर्पण और जनविश्वास की परीक्षा भी है।बैठक में प्रदेश मंत्री गौरव पांडे, महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री गंगा बिष्ट, कुंदन लटवाल, सिकंदर पवार, गोविंद पिलख्वाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, किरन पंत, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, अरविंद बिष्ट, ललित लटवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिट्टू कर्नाटक, राजीव राज, दुग्ध संघ अध्यक्ष गिरीश खोलिया, मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट, नवीन बिष्ट, संजय बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख नीमा आर्या, महिला मोर्चा अध्यक्ष पूनम पालीवाल, रेखा आर्या, बिना नयाल, वंदना आर्य, दिव्या जोशी, दीपिका बिष्ट सहित जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष, पार्षद, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक का संचालन जिला महामंत्री दर्शन रावत एवं प्रकाश भट्ट ने संयुक्त रूप से किया। समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ। अंत में संगठन की एकजुटता, कार्यकर्ताओं के सम्मान, बूथ सशक्तीकरण और जनसंपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में अल्मोड़ा एवं सोमेश्वर दोनों सीटों पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।