Mon. Nov 23rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा के शिक्षा संकाय में शोधार्थी धर्मवीर सिंह ने पीएचडी की उपाधि हासिल कर अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। 19 नवंबर 2026 को उनके शोध प्रबंध की मौखिक परीक्षा (वाइवा) सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

मौखिक परीक्षा विभागाध्यक्ष एवं शोध निर्देशक प्रो. भीमा मनराल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बाह्य परीक्षक के रूप में लाल बहादुर शास्त्री राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी (हल्दूचौड़) के विषय विशेषज्ञ डॉ. टीसी पाण्डेय उपस्थित रहे।

डॉ. धर्मवीर सिंह ने प्रो. भीमा मनराल के निर्देशन में अपना शोध कार्य पूरा किया। उनके शोध का विषय ‘राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) के अंतर्गत माध्यमिक विद्यालयी शिक्षा में भौतिक, मानवीय एवं अनुदेशात्मक संसाधनों की प्रभावशीलता का विश्लेषणात्मक अध्ययन’ रहा।

मौखिक परीक्षा के दौरान शोधार्थी ने अपने शोध की प्रक्रिया, प्रमुख निष्कर्षों और अध्ययन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही परीक्षकों की ओर से पूछे गए सवालों के संतोषजनक जवाब दिए। इस दौरान डॉ. भास्कर चौधरी, डॉ. ममता असवाल और डॉ. संगीता पवार ने भी शोध से संबंधित प्रश्न पूछे।

उल्लेखनीय है कि डॉ. धर्मवीर सिंह पूर्व में लक्ष्मण सिंह मेहर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पिथौरागढ़ में सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह राजकीय महाविद्यालय, कोटद्वार के बीएड विभाग में कार्यरत हैं।

इस अवसर पर डॉ. ममता कांडपाल, डॉ. संदीप पाण्डेय, डॉ. सरोज जोशी, डॉ. अंकिता सहित विभाग के अन्य शिक्षक, शोधार्थी मनोज कुमार, विनोद कुमार, पूजा तथा एमएड के विद्यार्थी मौजूद रहे।