Mon. Nov 23rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनपद में बढ़ती नशे की समस्या पर प्रभावी अंकुश लगाने और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए प्रशासन ने जनजागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक में नशे की रोकथाम, जागरूकता और नशामुक्ति के लिए विभिन्न विभागों की ओर से किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक में एडीएम ने स्पष्ट किया कि नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या से निपटने के लिए केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय और सामूहिक जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा। उन्होंने समाज कल्याण, पुलिस, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग को मिलकर व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग को विशेष रूप से विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों पर ध्यान देने को कहा। एडीएम ने निर्देश दिए कि स्कूलों में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाए। साथ ही शिक्षकों को बच्चों के व्यवहार और गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। किसी विद्यार्थी के व्यवहार में असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर अभिभावकों से तत्काल संवाद स्थापित कर समय रहते आवश्यक परामर्श और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
एडीएम ने कहा कि नशामुक्ति अभियान में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। इसके लिए विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ा जाए, ताकि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ ही समाज में भी जागरूकता का संदेश पहुंचा सकें।
उन्होंने पुलिस विभाग को मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए सतर्कता बनाए रखने और प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य एवं समाज कल्याण विभाग को नशे से प्रभावित व्यक्तियों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण जनसहभागिता के बिना संभव नहीं है। इसलिए जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर जारी रखते हुए अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को इससे जोड़ना आवश्यक है।
बैठक में उपजिलाधिकारी संजय कुमार, जसमीत कौर, वर्षा जोशी, पुलिस क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र राम कोहली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।