Thu. Nov 26th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दिसंबर माह में अल्मोड़ा में दो दिवसीय विंटर कार्निवल का आयोजन किया जाएगा। कार्निवल को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर आयोजन की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
प्रस्तावित विंटर कार्निवल में दो दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, म्यूजिक बैंड की प्रस्तुतियों और स्टार नाइट के जरिए लोगों का मनोरंजन किया जाएगा। इसके अलावा फूड फेस्टिवल, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। कार्निवल में स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अपनी कला एवं हुनर दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही इस आयोजन के माध्यम से अल्मोड़ा की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान देने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की भी योजना है।
बैठक में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि विंटर कार्निवल का आयोजन आकर्षक, व्यवस्थित और यादगार बनाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों के साथ ही बाहर से आने वाले पर्यटक भी इसका भरपूर आनंद उठा सकें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने तथा आयोजन स्थल, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और विंटर कार्निवल को सफल बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास के.एन. तिवारी, उप जिलाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।