Thu. Jul 23rd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा / देहरादून भाजपा नेता एवं पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से शिष्टाचार भेंट कर अल्मोड़ा जनपद के विकास और जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति, आम जनता की अपेक्षाओं तथा भविष्य की आवश्यकताओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे।
बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री के समक्ष अल्मोड़ा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, युवाओं के लिए रोजगार, खेल सुविधाओं तथा शहरी आधारभूत ढांचे से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए। उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए विकास योजनाओं को गति देने की आवश्यकता है, ताकि लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर सुविधाएं और रोजगार के अवसर मिल सकें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा सहित पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि जनहित से जुड़े सभी विषयों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य पर्वतीय जिलों में विकास कार्यों को गति देना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
भेंट के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को संसाधनयुक्त करने, शिक्षा संस्थानों के बुनियादी ढांचे के विस्तार, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। साथ ही जागेश्वर धाम, कसार देवी, चितई गोलू देवता मंदिर सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास तथा नगर क्षेत्र में पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता, जल निकासी और यातायात व्यवस्था जैसे विषयों पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया गया।
बिट्टू कर्नाटक ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि अल्मोड़ा से जुड़े विकासात्मक एवं जनहित के विषयों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह आगे भी जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार तक मजबूती से पहुंचाते रहेंगे तथा अल्मोड़ा के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।