जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड
अल्मोड़ा, जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा को रानीखेत स्थानांतरित किए जाने की चर्चा के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को चौक बाजार में प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिला चिकित्सालय को अल्मोड़ा से बाहर ले जाने के किसी भी प्रयास का विरोध किया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला चिकित्सालय अल्मोड़ा की जनता के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। इसे रानीखेत स्थानांतरित करना अल्मोड़ा की जनता के हितों के साथ कुठाराघात होगा। उन्होंने कहा कि पहाड़ में पहले ही स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी है और ऐसे में अस्पताल को हटाने के बजाय सरकार को यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों, पर्याप्त मेडिकल स्टाफ और आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ताराचंद जोशी ने कहा कि जिला चिकित्सालय का मुद्दा केवल कांग्रेस का नहीं, बल्कि पूरे अल्मोड़ा की जनता के स्वास्थ्य और अधिकारों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अस्पताल को किसी भी कीमत पर अल्मोड़ा से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जिला चिकित्सालय को स्थानांतरित करने का प्रयास किया तो कांग्रेस जनता को साथ लेकर व्यापक और उग्र आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने यदि जनता की मांग और भावनाओं को नजरअंदाज किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कांग्रेस ने प्रदेश सरकार से जिला चिकित्सालय को अल्मोड़ा से स्थानांतरित करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने तथा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती, पर्याप्त स्टाफ और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
पुतला दहन कार्यक्रम में आनंद सिंह बगड़वाल, सुशील शाह, राधा बिष्ट, भैरव गोस्वामी, एनडी पांडे, वैभव पांडे, रमेश नेगी, अशोक गोस्वामी, दिनेश पांडे, विकास कुमार, रितिक नयाल, मुकेश कुमार डैनी, दीपक कुमार, मनोज वर्मा, रोहित रौतेला, फेमिना खान, किरण आर्य, परितोष जोशी, तारा तिवारी, गीता मेहरा, कार्तिक शाह, पारसनाथ गोस्वामी, रविंद्र टम्टा, राज चौहान, निजाम कुरैशी, इसरार अहमद, हरीश सतवाल, दिनेश जोशी, कुलदीप सिंह मेहरा, शांतनु शाह, दीवान सिंह खनी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।