जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा पर्वतीय जिलों से बड़ी संख्या में चिकित्सकों के तबादले को लेकर अल्मोड़ा में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला दहन किया तथा सरकार पर पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को पूरी तरह चरमराने का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि पहले से ही डॉक्टरों की भारी कमी से जूझ रहे अल्मोड़ा समेत पूरे कुमाऊँ के पर्वतीय क्षेत्रों से विशेषज्ञ चिकित्सकों का तबादला कर सरकार ने जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले का असर केवल अल्मोड़ा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सोमेश्वर, जागेश्वर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और दूर-दराज़ के इलाकों से इलाज के लिए आने वाले हजारों मरीजों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था को कमजोर कर रही है। जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहले ही डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं, ऐसे में बड़े पैमाने पर तबादले जनविरोधी निर्णय हैं। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के बजाय उन्हें खत्म करने का काम कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस बीच पुलिस ने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री का पुतला छीनने का प्रयास किया, जिसका कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों को उठाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और सरकार पुलिस के सहारे जनता की आवाज को दबाना चाहती है।
जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चिकित्सकों के तबादलों पर तत्काल पुनर्विचार नहीं किया गया और पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पूरे जिले में चरणबद्ध और व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पीताम्बर पांडे, आनंद सिंह बिष्ट, एन.डी. पांडे, महिला जिला अध्यक्ष राधा बिष्ट, गीता मेहरा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
