Thu. Aug 27th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा नगर के झिंझाड़ वार्ड में पार्षद अमित साह मोनू का वार्डवासियों की ओर से भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। वार्डवासियों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सक्रिय रहने और जरूरत के समय दिन-रात लोगों के बीच पहुंचने पर पार्षद का आभार जताया।
वार्डवासियों ने कहा कि झिंझाड़ क्षेत्र में लंबे समय से बेतरतीब ढंग से बिछी पेयजल लाइनों के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। पार्षद अमित साह मोनू ने जल संस्थान से वार्ता कर पाइप लाइनों को व्यवस्थित कराने की पहल की। इसके अलावा क्षतिग्रस्त रास्तों के निर्माण और क्षेत्र में नशेड़ियों के आतंक से निजात दिलाने के लिए भी उनके स्तर से लगातार संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष आवाज उठाई जा रही है।
बुजुर्ग परिवार की समस्या का तत्काल समाधान
वार्डवासी खजान काण्डपाल ने बताया कि मोहल्ले में रहने वाले एक परिवार के सभी सदस्य बुजुर्ग हैं। उनके घर के ऊपर की दीवार लंबे समय से क्षतिग्रस्त थी, जिससे बारिश का पानी घर के भीतर पहुंच रहा था। वहीं घर के समीप का रास्ता भी क्षतिग्रस्त होकर हवा में लटक गया था। इस मार्ग से स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं, जिससे कभी भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ था।
काण्डपाल के अनुसार, पार्षद अमित साह मोनू ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह से वार्ता की और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा से आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया। इसके बाद क्षतिग्रस्त रास्ते का तत्काल निर्माण कराया गया। बुजुर्ग परिवार सहित मोहल्लेवासियों ने इस कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा का आभार जताया।
मोहल्ले की समस्याओं के लिए समिति गठित
वार्डवासी पंकज कनवाल ने कहा कि पार्षद दिन-रात क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहते हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड के समग्र विकास के लिए पार्षद के साथ वार्डवासियों को भी सामूहिक रूप से आगे आना होगा। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान ‘मां राज राजेश्वरी मोहल्ला समिति’ का गठन किया गया।
पार्षद अमित साह मोनू ने कहा कि समिति के माध्यम से मोहल्ले, वार्ड और नगर की प्रमुख समस्याओं को सामूहिक रूप से प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि समस्याओं का समाधान केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि धरातल पर दिखाई दे।
जरूरतमंदों के लिए रखा स्ट्रेचर
कार्यक्रम के दौरान पार्षद अमित साह मोनू की ओर से मोहल्ले के बीचों-बीच एक स्ट्रेचर भी उपलब्ध कराया गया। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में जरूरतमंद लोगों को तत्काल सुविधा उपलब्ध कराना है। स्थानीय लोगों ने इस पहल की भी सराहना की।
सम्मान समारोह में वार्डवासियों ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनके समाधान के लिए धरातल पर सक्रियता से कार्य करना भी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पार्षद भविष्य में भी वार्ड की जनसुविधाओं, विकास और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते रहेंगे।
इस अवसर पर भास्कर तिवारी, जगदीश चंद्र तिवारी, खजान काण्डपाल, पंकज कनवाल, राजेंद्र प्रसाद गुरुरानी, अरुण बिष्ट, भोपाल सिंह शाही, शक्ति सिंह, केतन पांडे, विवेक लोहनी, भारत भट्ट, संजय चौहान, लोकेश तिवारी, जय गुरुरानी, विनोद जोशी, पीयूष वर्मा, सागर गुरुरानी, विवेक तिवारी, नीमा गुरुरानी, रजनी पंत, चंद्रा भट्ट, दया तिवारी, दया वर्मा, गुड्डन भंडारी, दीपा भट्ट, किरन साह, हेमा भंडारी, प्रिया भंडारी, माही, मीना सलारिया, मीना आदि मौजूद रहे।