जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने भैंसवाड़ा फार्म में निर्माणाधीन गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गौवंश के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के साथ ही गौशाला में पशुओं की सुरक्षा, स्वच्छता, पर्याप्त रोशनी, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क और गौशाला भवन के बीच सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश दिए, ताकि भवन और परिसर को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने बरसात के दौरान पानी जमा न हो, इसके लिए प्रभावी जल निकासी व्यवस्था विकसित करने तथा गौशाला के भीतर पर्याप्त प्राकृतिक प्रकाश और हवा के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने गौशाला परिसर में 10 सौर ऊर्जा लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए, जिससे रात के समय परिसर में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध रहे। वहीं, जंगली जानवरों से गौवंश की सुरक्षा के लिए गौशाला के चारों ओर मजबूत एवं व्यवस्थित घेराबंदी कराने पर जोर दिया। उन्होंने खिड़कियों और अन्य आवश्यक स्थानों पर मच्छररोधी जाली लगाने के साथ ही बेहतर वेंटिलेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्मी, बरसात और अन्य मौसमों को ध्यान में रखते हुए गौशाला परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और पशुओं के अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने पानी, रोशनी, हवा और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत डीएम ने गौशाला के चारों ओर फायर लाइन बनाने को कहा, ताकि गर्मी के मौसम अथवा वनाग्नि की स्थिति में आग को गौशाला परिसर तक पहुंचने से रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक निर्माण एवं सुरक्षा कार्यों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा कर गौशाला को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से विकसित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी योगेश अग्रवाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।