जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर की पार्किंग समस्या के समाधान और शहर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मेयर अजय वर्मा के साथ नगर क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्किंग भवनों में गंदगी और खाली पड़े स्थानों की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और खाली स्थानों के बेहतर उपयोग के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने पूर्व में किए गए निरीक्षण के दौरान पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में पाई गई गंदगी और अव्यवस्थाओं का दोबारा जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि पार्किंग भवनों के निचले हिस्सों में खाली पड़े स्थानों को बेकार न छोड़ा जाए, बल्कि उनका जनहित में उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पूर्व में दिए गए सफाई संबंधी निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन करने को कहा।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में जहां भी खाली स्थानों पर गंदगी अथवा अव्यवस्था है, उसे तत्काल दूर किया जाए। पार्किंग स्थलों की नियमित सफाई, रखरखाव और प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके बाद जिलाधिकारी ने मेयर अजय वर्मा और नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के साथ थपलिया क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। यहां नगर निगम क्षेत्र में अतिरिक्त पार्किंग स्थल विकसित करने और ऑडिटोरियम निर्माण की संभावनाओं को लेकर विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों के साथ संभावित स्थलों की उपयुक्तता पर चर्चा करते हुए डीएम ने आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि अल्मोड़ा नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान तलाशना जरूरी है। इसके लिए अतिरिक्त पार्किंग स्थलों को चिह्नित कर भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
भ्रमण के दौरान पार्षद कैलाश गुरुरानी सहित नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
