Wed. Apr 15th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा: अंशुल सिंह की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में कानून-व्यवस्था, राजस्व वसूली तथा विभिन्न विभागीय कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परिवहन विभाग, नियमित पुलिस, राजस्व पुलिस, वन विभाग एवं राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान विभागीय प्रगति, लंबित मामलों एवं राजस्व न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि आपराधिक गतिविधियों, विशेषकर महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने और अपराध की स्थिति में सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किए गए वाहनों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रवर्तन कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
राजस्व प्राप्ति और कर संग्रह की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व न्यायालयों में लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष बल दिया गया।
मुख्यमंत्री कोष से आर्थिक सहायता से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को समय पर सहायता उपलब्ध कराई जाए और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी संजय कुमार सहित सभी तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।