जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्रावणी मेले का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने भगवान जागेश्वर के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की तथा हरेला पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत राज्य की सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने कहा कि जागेश्वर मास्टर प्लान के तहत करीब 147 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर दौरे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और पिछले दो महीनों में चार लाख से अधिक श्रद्धालु धाम पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक स्थलों का विकास उनकी मूल सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखते हुए कर रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक मोहन सिंह मेहरा, जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर.एस. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
