जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा देवभूमि उत्तराखण्ड सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री राजपाल पवार के आमरण अनशन के चौथे दिन गुरुवार को अल्मोड़ा विधायक मनोज तिवारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ अनशन स्थल पहुंचे और आंदोलनरत सफाई कर्मचारियों को अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह न्यायोचित बताते हुए सरकार से तत्काल वार्ता कर समाधान निकालने की मांग की।
विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि वर्षों से नगरों और कस्बों की स्वच्छता व्यवस्था संभाल रहे पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मचारियों की उपेक्षा दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि चार दिनों से आमरण अनशन जारी है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं होना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। सरकार को कर्मचारियों के धैर्य की परीक्षा लेने के बजाय उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था में ठेका प्रथा समाप्त करने, वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों के नियमितीकरण, नियमितीकरण नियमावली में संशोधन, महिला स्वच्छता समिति एवं आउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने, पर्यावरण मित्रों को आवासों का मालिकाना हक देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने तथा पदोन्नति सहित अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
मनोज तिवारी ने कहा कि वह शीघ्र ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विभागीय मंत्री राम सिंह कैड़ा तथा विभागीय सचिव से मुलाकात कर सफाई कर्मचारियों की सभी मांगों को प्रमुखता से उठाएंगे और उनके शीघ्र समाधान का आग्रह करेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सफाई कर्मचारियों के संघर्ष के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि सरकार ने जल्द सकारात्मक पहल नहीं की तो आंदोलन और व्यापक होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने शासन से कर्मचारियों के साथ तत्काल वार्ता कर लिखित आश्वासन देने की मांग की।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, पार्षद हेम तिवारी, पार्षद दीपक कुमार, पार्षद वैभव पांडे, परितोष जोशी, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन सिंह रौतेला, पार्षद प्रदीप चंद आर्य, दिनेश पांडे, इंतिक्वाब आलम, आलम कुरैशी, जिला महामंत्री व्यापार मंडल भैरव गोस्वामी, पंकज कांडपाल, अमरेश पवार, पार्षद अनुप भारती, हेम सती, मुकेश नेगी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
