Sat. Aug 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 22 अगस्त 2026 पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में करीब दो माह से फिजिशियन चिकित्सक की तैनाती न होने का मामला अब शासन स्तर तक पहुंच गया है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं आरटीआई एक्टिविस्ट संजय कुमार पाण्डे ने राज्यपाल, मुख्य सचिव तथा महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण को पत्र भेजकर जिला चिकित्सालय में रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की है।
संजय पाण्डे के अनुसार जिला मुख्यालय के प्रमुख चिकित्सालय में लंबे समय से फिजिशियन उपलब्ध नहीं होने से गंभीर और जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों, बुजुर्गों तथा दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श के लिए अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में तैनात फिजिशियन डॉ. हरीश आर्य के स्थानांतरण के बाद अभी तक उनके स्थान पर किसी नए फिजिशियन की नियुक्ति नहीं हुई है।
जिलाधिकारी और सीएमओ से भी उठा चुके हैं मामला
संजय पाण्डे ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी, अल्मोड़ा से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर मरीजों को हो रही दिक्कतों से अवगत कराया था। अधिकारियों के संज्ञान में मामला लाए जाने के बावजूद स्थायी समाधान न होने पर अब उन्होंने शासन स्तर पर हस्तक्षेप की मांग की है।
उनका कहना है कि फिजिशियन के अभाव में ऑपरेशन समेत कई चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को उपचार के लिए करीब छह किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं मेडिकल कॉलेज में भी मात्र एक फिजिशियन प्रो. अशोक कुमार के कार्यरत होने के कारण मरीजों का अतिरिक्त दबाव बढ़ रहा है।
राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल
संजय पाण्डे ने जिला चिकित्सालय में फिजिशियन की कमी को गंभीर जनहित का मुद्दा बताते हुए राजनीतिक दलों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौखुटिया प्रकरण के दौरान विपक्षी दलों ने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुखरता दिखाई थी, लेकिन जिला मुख्यालय के प्रमुख अस्पताल में करीब दो माह से फिजिशियन न होने के मामले पर राजनीतिक दलों की खामोशी समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ आरोप लगाने का विषय नहीं, बल्कि हजारों मरीजों और उनके परिजनों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला है। जिला चिकित्सालय में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन और स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत
संजय पाण्डे ने बताया कि इस मामले में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। उन्होंने मांग की है कि जिला चिकित्सालय में रिक्त दोनों फिजिशियन पदों पर तत्काल स्थायी नियुक्ति की जाए। नियमित नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के माध्यम से फिजिशियन की तैनाती की जाए, ताकि प्रभावित चिकित्सा एवं ऑपरेशन सेवाओं को सुचारु किया जा सके।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।