जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को अल्मोड़ा के छावनी क्षेत्र स्थित शहीद स्मारक में शौर्य दिवस समारोह श्रद्धा और सम्मान के साथ आयोजित किया गया। समारोह में कारगिल युद्ध के शहीदों को पुष्पांजलि एवं पुष्पचक्र अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों तथा कारगिल युद्ध की वीरांगनाओं ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद कुमाऊँ रेजीमेंट सेंटर, रानीखेत की सैन्य टुकड़ी ने शहीदों के सम्मान में सलामी दी तथा दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर वीर नारियों श्रीमती सरस्वती माया घले (पत्नी शहीद नायक हरी बहादूर घले), श्रीमती नीलमा विष्ट (पत्नी स्वर्गीय लांस नायक मोहन सिंह), श्रीमती सुनीता बोरा (पत्नी स्वर्गीय हवलदार शिवराज सिंह बोरा) एवं श्रीमती कमला गोस्वामी (पत्नी स्वर्गीय नायक देवेन्द्र गिरि) को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
समारोह में विधायक मनोज तिवारी, मेयर अजय वर्मा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, गैरीसन अल्मोड़ा के प्रभारी कमान अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित कुमार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल विजय मनराल (सेवानिवृत्त), सैनिक लीग अल्मोड़ा के अध्यक्ष सीपीओ दिनेश चन्द्र तिवारी, महेन्द्र सिंह मेहरा, गैरीसन के जेसीओ एवं जवान, पूर्व सैनिक, वीर नारियां, 24 एवं 77 बटालियन एनसीसी के कैडेट तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
