जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 22 जुलाई। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) की अल्मोड़ा जिला इकाई की बैठक बुधवार को जिला कार्यालय में जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में 25 जुलाई को दल के स्थापना दिवस पर जिला कार्यालय में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में नगर क्षेत्र में चल रहे ‘हर घर पानी मीटर’ अभियान को लेकर जानकारी दी गई। बताया गया कि इस अभियान को अब तक 5,000 से अधिक लोगों का समर्थन प्राप्त हो चुका है। साथ ही निर्णय लिया गया कि 25 जुलाई से दल का सदस्यता अभियान पुनः प्रारंभ किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष दिनेश जोशी ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से 25 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला कार्यालय में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय कार्यालय द्वारा विधानसभा प्रत्याशियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अब तक अल्मोड़ा विधानसभा से 5, सोमेश्वर विधानसभा से 2 तथा जागेश्वर विधानसभा से 4 आवेदन पत्र लिए जा चुके हैं। आवेदन पत्र 25 जुलाई तक प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन करने वाला व्यक्ति उत्तराखंड क्रांति दल का सक्रिय सदस्य होना आवश्यक है।
बैठक में महानगर अध्यक्ष मोहित साह, केंद्रीय मंत्री गिरीश नाथ गोस्वामी, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पंकज सिंह कपकोटी, जिला महामंत्री देवेश जोशी, जिला उपाध्यक्ष सुजीत टम्टा, विनय किरौला, अक्षय कुमार, गद्देश सिंह, शैलेंद्र टम्टा, विक्रम सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
