Wed. Jun 10th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने उत्तराखंड के नौ जिलों में 11 और 12 जून को भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके मद्देनजर सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और अल्मोड़ा शामिल हैं। इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गर्जन के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SEOC ने 15 महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगाने, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों के प्रवेश को नियंत्रित करने, बाधित सड़कों को तत्काल खोलने, सभी आपदा प्रबंधन अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखने तथा स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही नगर क्षेत्रों में नालियों और कलवर्टों की सफाई, फंसे लोगों के लिए खाद्य सामग्री और चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपदा संबंधी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने की अपील की है। आपदा संबंधी सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1070 सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर 0135-2710335, 2664314, 2664315, 2664316, 9058441404 और 8218867005 जारी किए गए हैं।