Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

अल्मोड़ा। अल्मोड़ा नगर निगम को उसका पहला नगर आयुक्त मिल गया है। पीसीएस अधिकारी सीमा विश्वकर्मा ने नगर आयुक्त पद का कार्यभार विधिवत रूप से संभाल लिया है। उनके पदभार ग्रहण करने से नगर निगम प्रशासन में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सीमा विश्वकर्मा एक लोकप्रिय एवं अनुभवी प्रशासनिक अधिकारी के रूप में जानी जाती हैं। इससे पूर्व वे उप जिलाधिकारी सदर अल्मोड़ा के पद पर रहते हुए नगर क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। विशेष रूप से कोरोना काल के दौरान उनकी सेवा, समर्पण और संवेदनशील प्रशासनिक भूमिका को जनता आज भी स्मरण करती है। उनके पुनः नगर प्रशासन से जुड़ने पर आम नागरिकों ने राहत की सांस ली है और नगर के विकास कार्यों को लेकर सकारात्मक अपेक्षाएं जताई हैं।
नगरवासियों का मानना है कि सीमा विश्वकर्मा के पूर्व अनुभव और प्रशासनिक दक्षता से अल्मोड़ा नगर निगम के विकास कार्यों को गति मिलेगी तथा जनसमस्याओं के समाधान में तेजी आएगी।
नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा के कार्यभार संभालने पर महापौर अजय वर्मा, पार्षद वैभव पांडे, पार्षद दीपक कुमार, पार्षद चंचल दुर्गापाल, पार्षद भूपेंद्र चंद जोशी, पार्षद मुकेश कुमार, पार्षद गुंजन सिंह चम्याल सहित अनेक पार्षदों एवं नगर निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।