Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

प्रदेश सरकार की पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्याल्दे की न्याय पंचायत कल्याणपुर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिविर के दौरान कुल 49 शिकायतें पंजीकृत की गईं, जिनमें से 26 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत शिविर में 325 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त, योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 32 आवेदन पत्र भी भरवाए गए, जिससे पात्र नागरिकों को सीधे लाभ मिल सके।
उपजिलाधिकारी याक्षी अरोड़ा ने कहा कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुँचाना तथा जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें।
शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने शिविर में पहुँचकर योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया।