Sat. Mar 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा: जनपद में घरेलू गैस आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के कारण गैस एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध होने के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग, आईवीआरएस और ओटीपी के माध्यम से गैस प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। इसके चलते उपभोक्ताओं को गैस प्राप्त करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और एजेंसियों में भीड़ की स्थिति बन रही है।



जिलाधिकारी ने आमजन को घरेलू गैस सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निर्देश देते हुए कहा है कि जिन उपभोक्ताओं की गैस बुकिंग फोन, एसएमएस या एप के माध्यम से नहीं हो पा रही है, वे सीधे गैस एजेंसी में जाकर केवल बुकिंग करा सकेंगे। बुकिंग के आधार पर उपभोक्ताओं को डिलीवरी प्वाइंट पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे बुकिंग के आधार पर ही संबंधित उपभोक्ताओं को उनके निर्धारित डिलीवरी प्वाइंट पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न हो और व्यवस्था सुचारु बनी रहे। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि बिना बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा।