जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए जनपद में यातायात व्यवस्था को अधिक मजबूत, सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि अब यातायात नियमों के उल्लंघन पर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
नगर क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन को आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित किया गया है। प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। नो पार्किंग, बिना हेलमेट वाहन चलाना और तीन सवारी बैठाने जैसे नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार ऑनलाइन चालान की कार्रवाई की जा रही है।
इसके अलावा, शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और बाजारों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीए सिस्टम) के जरिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इसके माध्यम से वाहन चालकों को सही स्थान पर पार्किंग, मोबाइल फोन का उपयोग न करने और हेलमेट पहनने जैसे नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
एसएसपी ने कंट्रोल रूम को निर्देश दिए हैं कि कहीं भी जाम की स्थिति बनने या नियमों के उल्लंघन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस की अपील:
अल्मोड़ा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पर्यटन सीजन के दौरान सहयोग देकर शहर को जाममुक्त एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
