Wed. Apr 22nd, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रेस को जारी बयान में आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मुद्दे पर देश की महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं।
कुंजवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से ही महिला आरक्षण बिल की समर्थक रही है और वर्ष 2023 में संसद के दोनों सदनों—लोकसभा और राज्यसभा में इस बिल को पारित कराने में कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने बताया कि बिल के तहत लोकसभा की 543 सीटों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिल को लागू करने में जानबूझकर देरी की गई और इसे जनगणना व परिसीमन से जोड़ दिया गया। कुंजवाल के अनुसार, सरकार ने अब चुनावी परिस्थितियों को देखते हुए 16 अप्रैल 2026 को इस बिल को अधिसूचित किया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र सरकार परिसीमन के जरिए राज्यों की सीटों में बदलाव कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही थी, जिसे विपक्ष की एकजुटता के चलते रोका जा सका।
कुंजवाल ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है, जबकि कांग्रेस आज भी 2023 में पारित महिला आरक्षण बिल को तत्काल लागू करने के पक्ष में खड़ी है। उन्होंने देश की महिलाओं से अपील करते हुए कहा कि वे तथ्यों को समझें और किसी भी प्रकार के भ्रामक प्रचार से सावधान रहें।