जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर एवं विधानसभा क्षेत्र की जर्जर सड़कों को लेकर कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कांग्रेस नगर महामंत्री संगठन वैभव पांडे ने कहा कि हाल ही में जेल रोड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा धरना-प्रदर्शन कर सड़कों की बदहाली का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया था, लेकिन विभाग ने स्थायी समाधान करने के बजाय केवल औपचारिकता निभाई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के बाद विभाग ने जल्दबाजी में कई जगहों पर पेचिंग वर्क कर स्थिति सुधारने का दिखावा किया, जबकि हकीकत में सिर्फ गड्ढों को भरकर काम पूरा मान लिया गया। पांडे ने कहा कि ऐसे अस्थायी उपायों से आम जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती आई है और इस बार भी अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र की प्रमुख सड़कों पर हॉट मिक्स तकनीक से गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण कार्य की मांग कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विभाग इसी तरह टालमटोल करता रहा, तो कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी।
वैभव पांडे ने कहा कि खराब सड़कों के कारण आम जनता, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को रोजाना भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है। कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द ठोस कदम उठाकर सड़कों की स्थिति में सुधार किया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
