जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर में जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में ड्रेनेज सिस्टम के अंतर्गत बन रहे नालों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि शहर में कुल 39 नालों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिनमें से कई पूरे हो चुके हैं, जबकि बाकी कार्य प्रगति पर हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शेष नालों के निर्माण में तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरे किए जाएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। डीएम ने कहा कि मजबूत और सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने का स्थायी समाधान है।
अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जहां भी तकनीकी बाधाएं सामने आ रही हैं, उन्हें तत्काल दूर करने को कहा गया।
डीएम ने दो टूक कहा कि ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नालों के निर्माण में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित सिंचाई, जल संस्थान, जल निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
